सहोदया स्कूल प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक गत दिनों गुवाहाटी स्थित
साउथ प्वाइंट स्कूल में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीबीएसई पाठ्यक्रम
और शैक्षणिक ढांचे में हाल के बदलावों पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत महासचिव डॉ. दिगंता हलदर के संबोधन से हुई। उन्होंने
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए “सीबीएसई न्यू रूल्स: इस वर्ष क्या बदल रहा है?” विषय पर एजेंडा प्रस्तुत
किया। उन्होंने बदलती शैक्षणिक नीतियों के साथ अपडेट रहने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि विद्यालय स्तर पर उनका
प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर संसाधन व्यक्तियों के रूप में संगीता डेका (पीजीटी कंप्यूटर
साइंस) और संगीता भट्टाचार्य (पीजीटी पॉलिटिकल साइंस) ने जानकारीपूर्ण सत्र लिया।
उन्होंने सीबीएसई पाठ्यक्रम में हुए प्रमुख संशोधनों पर प्रकाश डाला। साथ ही कक्षा
10 में हुए बदलाव, त्रिभाषा फार्मूले के क्रियान्वयन और नए विषयों की शुरुआत के बारे में
विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में सीबीएसई गुवाहाटी क्षेत्र के पूर्व निदेशक के.के. चौधरी भी
उपस्थित रहे। उन्होंने सुधारों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान सहोदया
के अध्यक्ष के. चंदा और डॉ. दिगंता हलदर द्वारा सभी संसाधन व्यक्तियों का सम्मान
भी किया गया। फादर जॉन और डॉ. नृपेन दत्ता ने भी बदलती शिक्षा प्रणाली पर अपने
विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का समापन मोनमोयुरी बोरकोटोकी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
