असम-नगालैंड में सहमति: दोनों राज्य सीमावर्ती क्षेत्रों से अपने सुरक्षा बल हटाने को तैयार हुए


असम व मिजोरम के बीच जहां सीमा विवाद को लेकर गतिरोध कायम है, वहीं असम व नगालैंड के बीच तनाव घटाने पर सहमति हो गई है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। शर्मा ने बताया कि असम व नगालैंड के मुख्य सचिवों के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों से अपने-अपने सुरक्षा बल हटाने पर रजामंदी हो गई। ये सुरक्षा बल तत्काल हटा दिए जाएंगे। सुरक्षा बल सीमावर्ती क्षेत्रों से अपने आधार शिविरों में लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री शर्मा ने इसे बड़ी कामयाबी बताया है।

असम के सीएम शर्मा ने मिजोरम में उनके खिलाफ केस दर्ज करने को लेकर कहा कि संघर्ष असम के इलाके में हुआ, इसलिए न्याय क्षेत्र राज्य का बनता है, लेकिन यदि वहां केस दर्ज हुआ है तो अच्छा है। इस केस को एनआईए को सौंपा जाना चाहिए, ताकि वह जांच कर सके।

शर्मा ने कहा कि उन्हें जांच में शामिल होकर खुशी होगी। यह केस तटस्थ एजेंसी को क्यों नहीं सौंपा जा रहा है, खासकर तब जब यह घटना असम के सीमा क्षेत्र में हुई है। शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि वह मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा को पहले ही यह बात कह चुके हैं।