असम की मनोहरी गोल्ड टी ने बनाया रिकॉर्ड, 99,999 रुपये प्रति किलो की दर से हुई बिक्री


 यह अविश्वसनीय है, लेकिन एक वास्तविकता है जो गुवाहाटी टी एक्शन सेंटर (जीटीएसी) में दिन के कारोबार में सामने आई है। असम चाय के एक प्रसिद्ध ब्रांड को मंगलवार को जीटीएसी में 99,999 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी दर से बेचा गया है, जिसने राज्य में उत्पादकों के लिए गुणवत्तापूर्ण चाय के बेंचमार्क को बढ़ाते हुए इतिहास रच दिया है।

असम की प्रसिद्ध और दुर्लभ किस्म की चाय “मनोहारी गोल्ड टी” ने एक बार फिर अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ इतिहास रच दिया है। मनोहरी गोल्ड की एक नई परंपरागत किस्म रिकॉर्ड स्तर पर 99,999 रु. प्रति किलोग्राम की दर पर गुवाहाटी चाय नीलामी केंद्र में बिकी। 

गोल्ड टी को सौरव टी ट्रेडर्स ने सबसे ऊंची बोली के साथ खरीदा था। उन्होंने सेल में ऑफर के तहत कुल एक किलोग्राम ऑर्थोडॉक्स चाय की महंगी वैरायटी खरीदी।

गुवाहाटी टी ऑक्शन बायर्स एसोसिएशन के सचिव दिनेश बिहानी कहते हैं, "गुवाहाटी टी ऑक्शन सेंटर के लिए यह गर्व का क्षण है, जहां डिब्रूगढ़ की मनोहरी गोल्ड टी ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ एक बार फिर इतिहास रच दिया है।"

बिहानी ने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि विदेशी खरीदार भी इन भारतीय विशिष्ट चाय को पसंद करेंगे और मैं अधिक से अधिक विक्रेताओं से विशेष चाय के साथ आने और भारत को विशेष चाय का केंद्र बनाने का आग्रह करता हूं।"