पटना से अफजल इमाम ’’मुन्ना’’ की रिपोर्ट
बिहार के मुंगेर स्थित बरियारपुर में 15-17 फरवरी 2023 तक अंग नाट्य मंच द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 23वां अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र थियेटर फेस्टिवल का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गयां। जहां इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र थियेटर फेस्टिवल में देश-विदेश की कई नाट्य संस्थाओं ने भाग लिया। यह थियेटर फेस्टिवल मुंगेर वासियों के लिए यादगार रहेगा। अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र थियेटर फेस्टिवल के दूसरे दिन अंग नाट्य मंच के रंगमंच पर भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश से आये हिरण किरण थिएटर मुंशीगंज बांग्लादेश के कलाकारों ने लेखक व निर्देशक जहांगीर आलम डाली के निर्देशन में तैयार नाटक ’मीतिकार फूल’ का सफल मंचन किया। इस नाटक से दर्शक काफी रोमांचित हुये। नाटक का रसास्वादन करने के बाद दर्शकों ने तालियां बजाकर पड़ोसी देश के कलाकारों का हौसला अफजाई किया। पहले दिन इस थियेटर फेस्टिवल का उद्घाटन 15 फरवरी 2023 की देर रात मुंगेर एमरजैंसी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ.हर्षवर्धन, जेआरएस कॉलेज के प्राचार्य देवराज सुमन व भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश जैन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना कर किया।
मुंगेर के बरियारपुर में आयोजित इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र थियेटर फेस्टिवल के दूसरे दिन कुल 6 नाटकों का मंचन किया गया। जिसमें पहला नाटक मणिपुर इंफाल से आई संस्था द पोल स्टार के कलाकारों ने लेखक के.एच.बजेंद्र व निर्देशक वीर कुमार के निर्देशन में तैयार नाटक ’हम भी सहृदय प्राणी हैं’, दूसरा नाटक पंचतत्व उड़ीसा की टीम ने ’ऐसा भी होता है’, तीसरा नाटक उत्तर प्रदेश वाराणसी के मंच दूतम नाट्य दल ने मुंशी प्रेमचंद्र की ’अजय गाथा सद्गति’, चैथी प्रस्तुति मुंशीगंज बांग्लादेश की टीम द्वारा, नाटक ’मीतिकार फूल’, पांचवी प्रस्तुति झारखंड जमशेदपुर की संस्था कलाकृति द्वारा नाटक ’रिफंड’, छठी प्रस्तुति आसाम जोरहाट से आई जयेंद्र युवा मंच के द्वारा नाटक ’दर्पण’ का मंचन किया गया। कार्यक्रम में अंग नाट्य मंच की शालू सागर डेट व जमशेदपुर की लावणी नृत्य सोनी साह ने प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
अंग नाट्य मंच द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बहुभाषी, लघु नाटक, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य एवं रंगारंग प्रतियोगिता 17 फरवरी 2023 को देर रात संपन्न हो गयी। इस प्रतियोगिता के तहत लघु नाटक श्रेणी में मणिपुर की टीम द पोल स्टार द्वारा प्रस्तुत ’हम भी सहृदय प्राणी हैं’ को प्रथम स्थान, जहान्वी सांस्कृतिक चक्र, कोलकाता द्वारा प्रस्तुत नाटक ’पगला घोड़ा’ को द्वितीय स्थान तथा यूथ थिएटर शाहजहांपुर द्वारा प्रस्तुत ’ए काइंड ऑफ प्रेगनेंसी’ को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। जबकि, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार समरजीत दास को दिया गया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ लेखक का पुरस्कार प्रभाकरण पात्रा को, अभिनेता का प्रथम पुरस्कार अनिल सिंह को, चरित्र अभिनेत्री की प्रथम पुरस्कार स्नेहा आचार्य को, चरित्र अभिनेता का प्रथम पुरस्कार वैधृति दास को दिया गया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्रिया राय को मिली। जबकि, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार गोपाल चंद्र को दिया गया।
इस प्रतियोगिता में श्रेष्ठ हास्य कलाकार का पुरस्कार करण को, श्रेष्ठ बाल कलाकार का प्रथम पुरस्कार सुजन शेख को प्राप्त हुआ। इसी क्रम में संगीत में सृष्टि पोल जहान्वी सांस्कृतिक चक्र को प्रथम स्थान मिला। प्रकाश व्यवस्था में रोहइर को प्रथम स्थान मिला। जबकि, रूप सज्जा में डब्लु बोधी को प्रथम स्थान, नुक्कड़ नाटक में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार नीलब आलो कोलकाता को दिया गया। नुक्कड़ नाटक में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार नयन चंद्र दास, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता अजय रोशन को तथा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मौमिता जना को दिया गया। इसी तरह ग्रुप डांस में अनिल बोहरा उड़ीसा एवं जहान्वी सांस्कृतिक चक्र कोलकाता के शिव तांडव को प्रथम पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। इस पुरस्कार वितरण समारोह का नेतृत्व संयोजक अभय कुमार एवं कार्यक्रम निर्देशक संजय कुमार ने किया। जबकि, निर्णायक मंडल में उड़ीसा के प्रसन्न कुमार दास एवं गुजरात के योगेश प्रसाद मेहता शामिल थे।
वैसे, अंग नाट्य मंच के अभय एवं संजय ने कहा कि मुंगेर के बरियारपुर में यह कार्यक्रम लगातार 23 वर्षों से आयोजित हो रहा है। इस बार भारत के विभिन्न प्रांतों से आये 15 नाट्य दलों के अलावा भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश से भी आये नाट्य दल ने नाटक का सफल मंचन किया। इसलिए यह थियेटर फेस्टिवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र थियेटर फेस्टिवल के कार्यक्रमों को देखने के लिए आसपास के जिले से भी लोग आते रहे हैं। जिन्हें देश-विदेश से आये हुये कलाकारों ने नृत्य, गीत व नाटक प्रस्तुत कर मंत्रमुग्ध किया।
