समस्तीपुर से अफजल इमाम ’’मुन्ना’’ की रिपोर्ट
बिहार का 111वां स्थापना दिवस समारोह 22 मार्च 2023 को समस्तीपुर में बड़े धूमधाम से मनाया गया। जहां इस समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व व भूमि सुधार एवं गन्ना मंत्री आलोक कुमार मेहता व बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी के अलावा माकपा विधायक अजय कुमार, राजद विधायक रणविजय साहू एवं भाजपा विधायक वीरेंद्र कुमार व एमएलसी डॉ.तरुण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं आगत अतिथियों का स्वागत जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के साथ जिला परिषद की अध्यक्ष खुशबू कुमारी, उपाध्यक्ष अंजना कुमारी, नगर निगम की मेयर अनीता राम व डिप्टी मेयर रामबालक पासवान सहित बड़ी तादाद में जिले के जनप्रतिनिधि व अधिकारी विराजमान थे। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में कृषि विभाग के अलावा जीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यों को प्रदर्शित किया गया। जिसे लोगों ने काफी सराहा। इस अवसर पर पटेल मैदान में लगे डिजनीलैंड में झूलों व व्यंजनों का महिलाओं व बच्चों ने भी खूब लूत्फ उठाया है।
बिहार दिवस समारोह के मौके पर संध्या में समस्तीपुर जिला मुख्यालय स्थित पटेल मैदान के मुख्य मंच पर एचएम मुकेश कुमार के सफल संचालन में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में वायरल बॉय के नाम से मशहूर व बॉलीवुड में दस्तक दे चुके समस्तीपुर के गायक अमरजीत जयकर ने देर शाम तक समां बांधे रखा। इस दौरान अमरजीत जयकर ने वायरल गीत से लेकर एक से बढ़कर एक गीत की प्रस्तुति दी। उन्होंने भोजपुरी फिल्म ’प्रतिज्ञा’ के गीत ’’भगवान बड़ी फुर्सत से तोहरा के हमरे खातिर.... ’’ गीत गाया तो मौजूद दर्शक-श्रोता झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पटेल मैदान गूंज उठा। हालांकि, मंच पर आते ही उन्होंने वायरल गीत ’’रूख जिंदगी ने मोड़ लिया कैसा, हमने सोचा नहीं था कभी ऐसा, आता नहीं यकीं, क्या से क्या हो गया..... ’’ गीत की प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक-श्रोताओं ने धमाकेदार ताली से उनका स्वागत किया। फिर अमरजीत जयकर ने गायिका सुप्रिया कुमारी के साथ कई सदाबहार फिल्मी युगल गीत गाकर भी तालियां बटोरी।
इस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में ’सारेगामापा’ लिटिल चैंप व पीटीवी ’वॉयस ऑफ पंजाब’ की सीनियर गायिका हर्षप्रीत कौर के अलावा गायिका सुप्रिया कुमारी, बबीता कुमारी, दिलखुश कुमारी व गायक सरदार रॉकी सिंह, हिमांशु कुमार, अनुज कुमार, आलोक चौधरी आदि ने भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शक-श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। इस मौके पर ’नेहा आर्ट ग्रुप’ के कलाकारों ने कजरी, सामा चकेवा, छठ गीत आदि की प्रस्तुति दी। वहीं, ’खुशी आर्ट एंड कल्चर’ समूह द्वारा समूह नृत्य की प्रस्तुति दी गयी। कल्याणपुर कस्तूरबा विधालय के छात्राओं की जट-जटिन की प्रस्तुति को भीे दर्शक-श्रोताओं ने खूब सराहा। जबकि, बिहार गौरव व कामना गीत गृह विभाग, पटना के गायक कलाकार बृजेश कुमार राय द्वारा पेश किया गया। इस अवसर पर ’इंडियन आइडल’ में स्पेशल गेस्ट बनकर जजों का दिल जीतने वाले वायरल बॉय अमरजीत जयकर, ’सारेगामापा’ लिटिल चैंप व पीटीवी ’वॉयस ऑफ पंजाब’ की सीनियर गायिका हर्षप्रीत कौर सहित अन्य कलाकारों को समस्तीपुर के अपर समाहर्त्ता अजय कुमार तिवारी, जिला उप विकास आयुक्त अखिलेश कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी रविंद्र कुमार दिवाकर ने प्रशस्ति पत्र, पाग व शाल भेंट कर सम्मानित किया। गायक कलाकारों के लिये मिथिलेश ऑर्केस्ट्रा ने संगत देकर कार्यक्रम को जानदार बनाया।
बॉलीवुड में दस्तक दे चुके गायक अमरजीत जयकर के कार्यक्रम को देखते हुये पटेल मैदान में बड़ी तादाद में लोगों की भीड़ जुटी थी, जिसे देखते हुये सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। समस्तीपुर के नगर थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी के नेतृत्व में पुलिस बल की टीम कार्यक्रम स्थल पर तैनात थी। फिर भी कुछ देर के लिये ही सही हंगामा हुआ और कुछ कुर्सी भी टूटी। अंत में जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने उपस्थित अतिथियों, कलाकारों व आम लोगों के प्रति अभार प्रकट करते हुये धन्यवाद ज्ञापन किया।
