अमिताभ बच्चन के रिश्तेदार से करोड़ों की ठगी का मामला: ठग को लेकर जांच के लिये दरभंगा पहुंची पुलिस

पटना से अफजल इमाम ’’मुन्ना’’ की रिपोर्ट

फिल्म सुपर स्टार यानी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के रिश्तेदार अनिल नंदा से करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया था। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अवनीश चंद्र झा बिहार के मिथिलांचल में दरभंगा जिले का निवासी है। इसे तांत्रिक व गुरुजी के नाम से भी जाना जाता है। राजधानी दिल्ली में रह कर अवनीश चन्द्र झा जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर घोखाधड़ी का काम करता है। बीते 3 मई को दिल्ली क्राइम ब्रांच की पुलिस अवनीश चंद्र झा को लेकर उसके गांव सझुआर पहुंची। अमिताभ बच्चन के रिश्तेदार अनिल नंदा से ठगी का यह मामला फरवरी 2020 का है। पिछले वर्ष दिसंबर महीने में ठगी का मामला दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया था। इस ठगी के मामले में 3 आरोपित गिरफ्तार किये गये थे। लेकिन, दिल्ली क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े मुख्य आरोपी ठग अवनीश चंद्र झा को अनुसंधान के क्रम में लेकर अब दरभंगा पहूंची है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की पुलिस आरोपी के गांव में भूमि खरीद से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। एस्कॉर्ट्स ग्रुप के पूर्व वाइस चेयरमैन अनिल नंदा मायानगरी, मुंबई के फिल्म सुपर स्टार अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा के ससुर के भाई हैं। श्वेता बच्चन नंदा एक भारतीय स्तंभकार, लेखिका व पूर्व मॉडल रही हैं। श्वेता बच्चन नंदा की शादी एस्कॉर्ट्स ग्रुप के व्यवसायी निखिल नंदा से हुयी है, जो हिंदी फिल्मों के मशहूर अभिनेता व निर्माता राज कपूर की बेटी रितु नंदा के बेटे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली क्राइम ब्रांच सेक्टर 9 द्वारिका के सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के साथ पुलिस की टीम दरभंगा में बहेड़ा थाना क्षेत्र के सझुआर गांव पहुंची। जहां टीम बेनीपुर अंचलाधिकारी यानी सीओ भुवनेश्वर झा के माध्यम से अवनीश चंद्र झा के भूमि से जुड़े दस्तावेज की जांच करा रही है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम पता लगा रही है कि भूमि की कब-कब खरीद की गयी है, इसमें कितने रुपये खर्च किये गये हैं और किन लोगों से जमीन खरीद की गयी है। हालांकि, इस संदर्भ में कोई अधिकारी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। वैसे, बहेड़ा थाना के एसएचओ बी.के.ब्रजेश ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी की सूचना दी है।

बता दें कि, दिल्ली में रह रहे एस्कॉर्ट्स ग्रुप के पूर्व वाइस चेयरमैन अनिल नंदा से अवनीश चंद्र झा ने अपने साथियों की मदद से फरवरी 2020 में करोड़ों रुपये की जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी की थी। शिकायत के बाद 10 महीने तक ठगी के मामले की जांच हुयी। इसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। जिसमें 7 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में सबसे पहले बीएसएफ के पूर्व रसोइया व राजस्थान निवासी ओमा राम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक साथ अवनीश चंद्र झा सहित सीए माजिद अली व राधा कृष्ण को 26 दिसंबर 2022 को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों से पूछताछ व निशानदेही पर अब टीम जगह-जगह छापेमारी व जांच कर रही है। इसी के तहत टीम अवनीश चंद्र झा को लेकर दिल्ली क्राइम ब्रांच की पुलिस बिहार में उसके गांव सझुआर पहुंची है। बता दें कि, अनिल नंदा महानायक अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा के ससुर राजन नंदा के भाई हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम के सूत्रों की माने तो अनिल नंदा से अवनीश चंद्र झा की मुलाकात दिल्ली के तेहाड़ जेल में वर्ष 2016 में हुयी थी। जहां उस दौरान अनिल नंदा धोखाधड़ी और अवनीश चंद्र झा ठगी के आरोप में जेल की सलाखों के पीछे कैद थे। अब महानायक अमिताभ बच्चन के रिश्तेदार अनिल नंदा के साथ ठगी का मामला गरमाया है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम फिर से सक्रीय हुयी है। जांच के बाद ये खुलासा हुआ था कि ये गैंग बनाकर अमीर घराने की चुनिंदा लोगों को टारगेट बनाते हैं। कई राज्यों में इनके ऊपर केस दर्ज है।