दरभंगा पहुंचे सीरियल ’रामायण’ के ‘राम-सीता‘, लोगों ने किया भव्य स्वागत


 पटना से अफजल इमाम ’’मुन्ना’’ की रिपोर्ट

मायानगरी मुंबई के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता व निर्देशक रामानंद सागर की बहुचर्चित टी.वी. सीरियल ’रामायण’ में प्रभु श्री राम की भूमिका निभाने वाले फिल्म अभिनेता अरुण गोविल और माता सीता की भूमिका निभाने वाली फिल्म अभिनेत्री दीपिका चिखलिया 1 जून 2023 को बिहार में मिथिलांचल की हृदयस्थली के रूप में मशहूर दरभंगा पहुंचे। जहां राम-सीता की इस जोड़ी की एक झलक पाने के लिये दरभंगा एयरपोर्ट पर लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा। जहां मिथिलांचल की इस धरती पर कदम रखते ही दोनों फिल्मी कलाकारों का वेद मंत्रोच्चार एवं शंख ध्वनि के साथ भव्य स्वागत किया गया।

दरभंगा एयरपोर्ट पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बालेंदु झा ने इन्हें मिथिला की रीति रिवाज के अनुसार ही चादर, पाग व बुके देकर सम्मनित किया। बिहार में मिथिलांचल की धरती पर भव्य तरीके से सम्मानित होने पर प्रभु श्री राम की भूमिका निभाने वाले फिल्म अभिनेता अरुण गोविल ने कहा कि बिहार मैं दूसरी बार आया हूं। यहां मिथिलांचल में पहली बार आकर मैं अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यहां मैं आप लोगों से सम्मानित होकर गदगद हो गया। जबकि, माता सीता की भूमिका निभाने वाली फिल्म अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने कहा कि मैं दरभंगा आकर बहुत खुश हूं। मैं पहली बार बिहार और मिथिलांचल की धरती पर आई हूं। उन्होंने लोगों से कहा कि आप लोगों को मेरे यहां आने से कैसा महसूस हो रहा है। मायानगरी मुंबई से आये दोनों फिल्मी कलाकार गदगद नजर आये। इसके बाद दोनों फिल्म कलाकार दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड अंतर्गत गोईमिश्र लगमा गांव के लिये रवाना हो गये। जहां दोनों को एक उपनयन संस्कार समारोह में शामिल होना है। फिर, उपनयन संस्कार समारोह की समाप्ती के बाद दोनों फिल्मी कलाकार मायानगरी मुंबई लौट जायेंगे।

दरअसल, फिल्म अभिनेता अरुण गोविल व अभिनेत्री दीपिका चिखलिया भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान सीए सुरेश झा व वीणा झा के सुपुत्र सर्वज्ञ झा के उपनयन संस्कार समारोह में शामिल होने के लिये ही पहुंचे हैं। जहां फिल्म अभिनेता अरुण गोविल व अभिनेत्री दीपिका चिखलिया की सुरक्षा के लिये दरभंगा जिला प्रशासन ने भी खूब पुख्ता इंतजाम किये हैं। वहीं, इन दोनों फिल्मी कलाकार के आने से मिथिलांचल वासियों में खुशी की लहर है।