पटना से अफजल इमाम ’’मुन्ना’’ की रिपोर्ट
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीवनी ’’अंतरंग दोस्तों की नजर से’’ पुस्तक का विमोचन राजद सुप्रीमो व पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद ने किया। राजधानी पटना में गांधी मैदान स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में 3 जुलाई 2023 को आयोजित इस पुस्तक विमोचन समारोह में ओज और आत्मविश्वास से भरे शब्दों में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार हार मानने वाला नहीं है। यहां महाराष्ट्र को दोहराने का सपना धरा का धरा रह जायेगा। हमारे सांसदों-विधायकों को तोड़ने की चर्चा हो रही है, उन लोगों को पता ही नहीं कि बिहार उड़ती चिड़िया को भी हल्दी लगाता है। बिहार टूटने-झुकने वाला नहीं है। यहीं से भाजपा के सफाये की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हम उनकी मंशा में सफल नहीं होने देंगे। वैसे, किडनी ट्रांस्पलेंट के बाद लालू प्रसाद की वाणी में भले ही पहले वाली बात नहीं है। लेकिन, उपस्थित अतिथियों व लोगों को हंसाने में भी वह पीछे नहीं रहे हैं।
विमोचन समारोह में सबसे पहले राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित लेखक उदयकांत मिश्र द्वारा लिखे गये 750 से ज्यादा पन्नों की ’’अंतरंग दोस्तों की नजर से’’ पुस्तक का विमोचन बड़े धूमधम से हुआ। फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अपने संबंधों को अटूट बताते हुये लालू प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार बिल्कुल साधारण घर-परिवार से निकले नेता हैं। उनके पिताजी एक अच्छे वैध थे। हमारी मित्रता वर्षों पुरानी है और यह आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि मंडल आयोग को लागू करने के लिये हम लोगों ने काफी काम किया। अब उस आरक्षण पर कब्जा करने का दुष्चक्र रचा जा रहा है। धार्मिक-जातीय वैमनस्यता फैलाने का प्रयास हो रहा है। हम ऐसी ताकतों को सफल नहीं होने देंगे। आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। हमें एकजुट रहकर संविधान को बचाना है और देश को मजबूत करना है।
बिहार के गौरवमयी राजनीतिक इतिहास का स्मरण कराते हुये लालू प्रसाद ने कहा कि हमारी लड़ाई आज की नहीं। हमने दिल्ली से लेकर पटना तक कई संघर्ष किया है और कई दौर देखे हैं। आप भी जानते हैं कि सबसे बड़े भ्रष्टाचारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। अदाणी और अंबानी से बढ़कर कोई दूसरा प्रमाण नहीं हो सकता। विधायकों की खरीद-फरोख्त हो रही है। फिर भी जनता को भ्रमित करने का प्रयास हो रहा है। ऐसी हरकतों से हम डरने-झुकने वाले नहीं है। हमारी सरकार अडिग-अटूट है और आगे भी हम एकजुट रहेंगे।
इस विमोचन समारोह को बिहार के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चैधरी, राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो.मनोज झा, माकपा नेता सुभाषिणी अली, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, राजकमल प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी, नीतीश कुमार के मित्र व लेखक उदयकांत मिश्र एवं राजीवकांत आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर, सूचना एवं जनसंर्पक मंत्री संजय झा, शिक्षा मंत्री प्रो.चन्द्रशेखर, भवन निर्माण मंत्री अशोक चैधरी के अलावा राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चैधरी, पूर्व विधायक भोला यादव आदि विराजमान थे।
राजकमल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित ’’अंतरंग दोस्तों की नजर से’’ पुस्तक न केवल नीतीश कुमार की जीवनी है, बल्कि यह मुन्ना बाबू की, ‘नेताजी’ की और नीतीश जी से माननीय नीतीश कुमार बनने की भी कहानी है। यह कहानी उनके 50 वर्षों से भी ज्यादा समय से उनसे जुड़े अभिन्न मित्रों ने लिखी है। यह नीतीश कुमार की उस व्यक्तिगत-पारिवारिक छवि को पहली बार सामने लाती है, जो उनके जगजाहिर सियासी जीवन के पीछे हमेशा ओझल रही है। इस जीवनी को लेखक उदयकांत मिश्र ने लिखा है। जिन्होंने इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री हासिल की है। लेखक उदयकांत मिश्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बचपन के मित्र हैं।
