विधायक रूपक शर्मा ने पत्रकारों से संवाद किया


 नगांव से रवींद्र शाह की रिपोर्ट 

नगांव सदर विधायक रूपक शर्मा ने पत्रकारों से गुफ्तगू की।शहर के पानीगांव स्थित ऋषिराज होटल में आज नगांव के पत्रकारों के साथ विधायक रूपक शर्मा द्वारा आयोजित “भोगाली की एक थाली” शीर्षक सौहार्दपूर्ण भोज एवं संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम से पूर्व विधायक शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीते पाँच वर्षों में नगांव–बटद्रबा विधानसभा क्षेत्र में सांस्कृतिक एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न विकासात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की।विधायक शर्मा ने बताया कि शीघ्र ही नगांव शहर के खगेन महंत प्रेक्षागृह में एक विशाल जनसभा आयोजित कर, पिछले पाँच वर्षों में क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का सार्वजनिक रूप से लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने आगे जानकारी दी कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के 57वें जन्मदिवस के अवसर पर  9 फरवरी तक पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत “विकास की यात्रा” कार्यक्रम को क्रियान्वित किया जा रहा है। इसके तहत नगांव नगर पालिका की पहल पर लगभग 17 करोड़ 39 हजार 540 रुपये की लागत से नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला-नालियां, शौचालय आदि सहित कुल 135 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।इसके अतिरिक्त विधायक शर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत पुनर्निर्मित छह सड़कों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने यह भी बताया कि नगांव शहर में नव-नामित रूपकोंवर चौक पर महान कलाकार रूपकोंवर ज्योतिप्रसाद अग्रवाल की पूर्णाकृति प्रतिमा का शीघ्र ही अनावरण किया जाएगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा।विधायक ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुके छहआली क्षेत्र का भूपेन हज़ारिका कला तीर्थ, मोरीकलंग का श्रद्धांजलि उद्यान, बालिका महाविद्यालय के सामने जुबिन गर्ग स्मृति उद्यान सहित नगर सौंदर्यीकरण से जुड़े कई पुल व अन्य योजनाएं फरवरी माह के भीतर आम जनता के लिए खोल दी जाएंगी।इस अवसर पर विधायक शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में नगांव को एक स्वच्छ शहर के रूप में उदाहरण स्वरूप उल्लेख किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसके लिए नगांव नगर पालिका के सफाईकर्मियों की निष्ठावान सेवा की सराहना करते हुए नगर पालिका के कार्यों की प्रशंसा की।विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में जनता के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वे अनावश्यक समय व्यर्थ किए बिना निरंतर जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। भविष्य में भी वे इसी भावना के साथ कार्य करते रहेंगे।भोगाली की एक थाली कार्यक्रम में नगांव नगर पालिका के अध्यक्ष अंबिका मजूमदार, उपाध्यक्ष सीमांत बोरा सहित नगांव सदर और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 पत्रकारों ने भाग लिया।